मैं कवि हूँ!

कविता — महेन्द्र तिवारी · विषय: जीवन कविता

हाँ, मैं कवि हूँ!
मेरे पास न कोई राजमहल है,
न सत्ता का सिंहासन,
न वैभव का कोई ताज है।
मेरे पास बस कुछ शब्द हैं,
और इन्हीं शब्दों के सहारे
मैंने अपना पूरा संसार रचा है।

जब किसी की आँखों में
दर्द का दरिया उतरता है,
मेरी कलम की नोक पर
एक आँसू ठहर जाता है।
जब किसी के होंठों पर
खुशियों का फूल खिलता है,
मेरी कविता का हर शब्द
मुस्कान बनकर महक उठता है।

मैं राजाओं के जयघोष नहीं लिखता,
मैं उस माँ की प्रतीक्षा लिखता हूँ,
जो बेटे की राह निहारते हुए
पूरी रात दीपक जलाए रखती है।
मैं महलों की चमक नहीं लिखता,
मैं उस किसान का संघर्ष लिखता हूँ,
जो सूखी धरती की छाती पर
अगली फसल का सपना बोता है।

मैं उन हाथों की लकीरें पढ़ता हूँ,
जिन्होंने दूसरों के घर बनाए हैं,
मैं उन पैरों के छाले लिखता हूँ,
जो मीलों चलकर भी मंजिल न पाए हैं।
मैं उस बेटी की खामोशी सुनता हूँ,
जिसके सपनों पर पहरे बिठाए गए,
मैं उस बूढ़े पिता का दर्द लिखता हूँ,
जिनके अपने ही उन्हें भुलाए गए।

लोग पूछते हैं मुझसे,
आखिर कविता से क्या होता है?
क्या शब्द कभी भूख मिटा सकते हैं?
क्या कविता से अँधेरा खोता है?

मैं कहता हूँ, हाँ!
कविता भूख का दर्द जगाती है,
सोई हुई चेतना को जगाती है,
अन्याय के विरुद्ध आवाज़ बनती है,
और टूटते हुए मन को सहलाती है।
तलवार केवल शरीर को घायल करती है,
शब्द आत्मा तक पहुँच जाते हैं,
तलवार इतिहास में घाव छोड़ती है,
कविताएँ सदियों तक मरहम लगाती हैं।

मैं जानता हूँ,
मेरी कविता से रातोंरात
दुनिया नहीं बदल जाएगी,
लेकिन किसी एक निराश मन में
उम्मीद का दीप तो जल जाएगा।
किसी एक सोई अंतरात्मा में
प्रश्नों का तूफान तो उठेगा,
किसी एक खामोश होंठ पर
प्रतिरोध का स्वर तो फूटेगा।

आज इस मंच पर खड़ा होकर
मैं कोई बड़ा होने का दावा नहीं करता,
न शब्दों का कोई सम्राट हूँ,
न प्रसिद्धि का कोई आकांक्षी हूँ।
मैं तो बस समय के माथे पर
सच लिखने की कोशिश करता हूँ,
उन लोगों की आवाज़ बनता हूँ,
जिनकी आवाज़ दुनिया नहीं सुनती।

क्योंकि मैं कवि हूँ!
मेरा धर्म है सच कहना,
मेरा कर्म है संवेदना जगाना,
मेरी पहचान मेरे शब्द हैं,
और मेरी साधना है
मनुष्य को मनुष्य से जोड़ना।

जब तक किसी आँख में आँसू है,
जब तक किसी मन में पीड़ा है,
जब तक कहीं अन्याय जीवित है,
जब तक उम्मीद की एक किरण शेष है,
तब तक मेरी कलम चलती रहेगी,
तब तक मेरी कविता जन्म लेती रहेगी।

हाँ, मैं कवि हूँ!
शब्दों का सौदागर नहीं,
संवेदनाओं का पहरेदार हूँ।
मेरे पास भले ही कुछ नहीं,
लेकिन मेरे शब्दों में
पूरा समाज बोलता है।

इस कवि की और रचनाएँ

इसी विषय पर और रचनाएँ

सभी विषय: माँ पर कविता · प्रेम कविता · देशभक्ति कविता · प्रेरणा कविता · भक्ति कविता · प्रकृति कविता · जीवन कविता

WhatsApp चैनल से जुड़ें · YouTube पर लाइव देखें · अपनी रचना भेजें

सभी रचनाएँ — बोलती कलम