मैं एक कैफ़े हूँ: एक सदी, कई ज़िंदगियाँ और मैं

कविता — अरुणा महेश जाजू · विषय: प्रेम कविता

मैं महज़ ईंटों, प्लास्टर और लकड़ी की फ़्रेम में जड़ा एक ढांचा नहीं हूँ। मैं एक सांत्वना हूँ, एक ठहराव हूँ। इंसान बाहर की दौड़ती, हाँपती और बेरहम दुनिया के सारे सबक, सारे ज़ख्म और मसरूफ़ियत के मुखौटे दरवाज़े पर ही उतारकर मेरे भीतर कदम रखता है। बाहर वक्त मिनटों और घंटों में गुज़रता है, पर मेरी छत के नीचे... एक-एक शाम में एक-एक 'सदी' गुज़र जाती है।
मेरी नींव किसी व्यावसायिक मुनाफ़े या कॉर्पोरेट सपने के लिए नहीं रखी गई थी। मैं तो दो लोगों के एक बेहद ख़ामोश और शिद्दत भरे इश्क़ की जीवंत निशानी हूँ। दशकों पहले, दो प्रेमियों ने अपने साफ़-सुथरे सपनों से मेरी पहली ईंट रखी थी। नियति ने उन्हें एक होने नहीं दिया, पर वे चाहते थे कि दुनिया में एक ऐसी जगह ज़रूर हो जहाँ किसी का सुकून अधूरा न छूटे, जहाँ हर राह भटके इंसान को पनाह मिले। उसी टीस से मेरा जन्म हुआ था।
वे दोनों तो दुनिया के दस्तूरों में बिछड़ गए, लेकिन उनमें से एक वह लड़का अब इस दुनिया में नहीं रहा। पर वह मरा भी कहाँ है? वह आज भी मेरे रूप में ज़िंदा है। मेरी नसों में दौड़ती कॉफ़ी की गर्माहट, मेरी मशीनों की धड़कन और इन दीवारों की हर ईंट में उसी की रूह सांस लेती है।
जैसे इंसान की ज़िंदगी और रिश्तों में उतार-चढ़ाव आते हैं, वैसे ही मुझ पर भी वक्त की मार पड़ी। एक दौर था जब मैं अपनी बुलंदी पर था।रंगीन लाइटें, गूंजते ठहाके, कपों की खनक और बाहर लगी लंबी कतारें। फिर वक्त बदला। मंदी आई, दीवारें सीलने लगीं, कॉफ़ी की मशीनें ठंडी पड़ने लगीं और लगा जैसे मेरी रूह का दम घुट रहा हो। ऐसा लगा मानो सब ख़त्म हो गया। पर वक्त की हर मात सहकर भी मेरी नींव डगमगाई नहीं। मैंने खुद को बदला, अपनी पुरानी केंचुल उतारी, नसों में नई गर्माहट भरी और नए अंदाज़ में दोबारा खड़ा हुआ।
अब कॉफी साथ कभी हंसी के ठहाके होते ,कभी सुरीले नग़मे कभी कोई ग़ज़ल तो कोई कविता इस कैफ़े के हवाओं में गूंजती है ।
किताबों का एक कॉर्नर भी है जहां ग़ालिब से मंटो और प्रेमचंद से लेकर अभी के नए रचनाकारों को शन से सजाया है ।
एक दीवार जिसपर न जाने कितनों की दिल की अनकही बात लिखी गई "कुछ बाते अनकही "।
आज शहर-शहर में मेरे नाम की अनगिनत शाखाएँ हैं, मेरा नाम एक बड़ा ब्रांड बन चुका है। पर जहाँ से मेरी शुरुआत हुई थी।यह पहली मेज़, यह पहली दीवार,यह सिर्फ़ एक आउटलेट नहीं, इस पूरे साम्राज्य की ऐतिहासिक नींव और मोहब्बत का पहला मंदिर है।
लोग समझते हैं कि मैं सिर्फ़ शौकीनों की कॉफ़ी की चुस्कियों का ठिकाना हूँ। पर सच यह है कि मैं कई चूल्हों की आग भी हूँ। मैं उस युवा वेटर की रोज़ी-रोटी हूँ, जो अपनी उंगलियों पर गरम कप संभालता है ताकि गाँव में बैठी माँ की दवाइयां जा सकें। मैं उस काउंटर वाले लड़के की उम्मीद हूँ, जो हर रात आख़िरी ग्राहक के जाने के बाद मेरी कोने वाली मेज़ पर बैठकर अपनी किताबों में भविष्य ढूँढता है। यहाँ सिर्फ़ कॉफ़ी नहीं छनती, यहाँ कई परिवारों का चूल्हा जलता है। यहाँ काम करने वालों का मुझसे सिर्फ़ पैसों का नहीं, एक रूहानी जुड़ाव है।वे मेरी दीवारों की नमी पहचानते हैं और मेरी मशीनों की धड़कन सुनते हैं।
मेरी हर मेज़ एक अलग मुल्क है, और हर मुल्क की अपनी एक ज़बान है।
किसी टेबल पर पहली बार टकराती दो झिझकती नज़रों में नए सपनों की उड़ान होती है, तो किसी कोने में रखी पुरानी लकड़ी की मेज़ पर कॉफ़ी के ठंडे कप के साथ एक आख़िरी, ख़ामोश अलविदा लिखा जाता है। कहीं दफ़्तर की राजनीति के ज़हरीले ताने-बाने बुने जाते हैं, तो कहीं किटी पार्टी में आई उन औरतों की खिलखिलाहटें गूंजती हैं।वे औरतें, जो रोज़मर्रा के चूल्हे-चौके की ज़ंजीरों से कुछ घंटों की आज़ादी चुराकर यहाँ बेफ़िक्र 'साँस' लेने आती हैं।
किसी मेज़ पर बैठकर कोई अपनी ज़िंदगी का पहला नॉवेल लिखता है, कोई अपनी बिखरी हुई डायरी के पन्नों को समेटता है, तो कोई महज़ अपना अकेलापन काटने आता है। किसी कोने में कोई अपनी तन्हाई के लिए महफ़िल ढूंढता है, तो कोई महफ़िल के बीच बैठकर भी अपनी ख़ामोशी में मुस्कुराता है। किसी मेज़ पर टूटे हुए रिश्तों के समझौते होते हैं, तो कहीं पुराने दोस्तों की यादें ताज़ा होती हैं।
लेकिन इन सबके बीच, मेरी एक सबसे पसंदीदा जगह है।बिल्कुल कोने की वो टेबल, जहाँ से अंदर की हर चहल-पहल और बाहर का पारदर्शी कांच, दोनों साफ़ दिखाई देते हैं।
वहाँ हर रोज़ एक औरत आकर बैठती है।आँखों पर गहरा काला चश्मा लगाए।
दुनिया को लगता है वह कोई अनजान ग्राहक है, और उसका चश्मा सिर्फ़ फ़ैशन है। पर मैं जानता हूँ... वह कोई और नहीं, वही लड़की है जिसने अपने हाथों से मेरे इस वजूद को रचा था! वह अपनी ज़िंदगी और बीमारी के एक लंबे, जानलेवा युद्ध से आठ-दस साल तक लड़कर, उसे हराकर वापस आई है। इस बीच बहुत कुछ बदल गया।वह लड़का जा चुका था और मैं एक पूरा साम्राज्य बन चुका था। उसकी आँखों में इतना दर्द, अपनी ही मोहब्बत को खोने की इतनी गहराई और इतना ठहराव है कि अगर वह बिना चश्मे के दुनिया को देख ले, तो लोग उसकी नज़रों की तपन सह न पाएँ। वह अपनी वेदना से किसी को असहज नहीं करना चाहती, इसलिए वह उस काले चश्मे की आड़ में उस इंसान को ढूँढती है जो अब मैं बन चुका हूँ।
वह कोने में बैठकर मेरी हर टेबल को निहारती है। वह कांच के इस पार बैठी होती है।एक महफ़ूज़, शांत दुनिया में। और कांच के उस पार फ़ुटपाथ पर, ज़िंदगी अपनी नग्न सच्चाई के साथ दौड़ती है। कभी-कभी वह कांच के पार किसी ऐसे इंसान को देखती है जो पेट भरने का या खुश होने का नाटक कर रहा होता है, और वह अपनी कॉफ़ी के घूँट में उस पूरे मंज़र के साथ-साथ अपनी उस अधूरी कहानी को भी समेट लेती है।
जब वह उस टेबल पर बैठती है, तो मुझे लगता है जैसे उसने अपनी पीठ मेरी दीवार से नहीं, अपने उसी पुराने हमराही के सीने से टिका दी हो। वह कॉफ़ी नहीं पीती, वह उस इंसान की मौजूदगी को महसूस करती है जो इस कैफ़े के रूप में हर पल उसके आसपास सांस ले रहा है।
मैं 'मद्रास कैफ़े' या 'मुसाफ़िर कैफ़े 'जैसा कोई सिर्फ़ फ़िल्मी पन्ना नहीं हूँ, मैं तो ज़िंदा इंसानों की ख़ामोश चीखों, उनके टूटने, जुड़ने और एक अमर इश्क़ का ज़िंदा गवाह हूँ।
मैंने सीखा है कि भूख सिर्फ़ पेट की नहीं होती।कभी भूख तवज्जो की होती है, कभी सुकून की, कभी दो वक़्त की रोटी की, कभी किसी के सुन लेने की, तो कभी अपने खोए हुए प्यार को किसी इमारत की छाँव में महसूस करने की।
आज भले ही मेरी सैकड़ों शाखाएँ दुनिया भर में गूँजती हों, पर मेरी आत्मा इसी ऐतिहासिक कोने में बसती है, जहाँ वह काले चश्मे वाली लड़की बैठती है। जब तक इंसान के भीतर दर्द, मोहब्बत, उम्मीद और अकेलेपन का यह कारवाँ चलता रहेगा... मैं अपनी मशीनों से कॉफ़ी की भाप उड़ाता रहूँगा, अपनी मेज़ों को पोंछकर नए मुसाफ़िरों को पनाह देता रहूँगा और अपनी उस रचियता का ख़ामोशी से इंतज़ार करता रहूँगा।
क्योंकि कहानियाँ कभी ख़त्म नहीं होतीं... वे बस एक टेबल से दूसरे टेबल पर खिसक जाती है ।

इस कवि की और रचनाएँ

इसी विषय पर और रचनाएँ

सभी विषय: माँ पर कविता · प्रेम कविता · देशभक्ति कविता · प्रेरणा कविता · भक्ति कविता · प्रकृति कविता · जीवन कविता

WhatsApp चैनल से जुड़ें · YouTube पर लाइव देखें · अपनी रचना भेजें

सभी रचनाएँ — बोलती कलम