ओस की बूंदे

कविता — Pankaj Kamboj · विषय: प्रकृति कविता

रचना 🙏ओस की बूंदे
रात की चादर जब धरती पर, धीरे-धीरे छा जाती है,
चाँद सितारों की छाया में, प्रकृति गीत सुनाती है।
सुबह-सुबह जब सूरज निकले, नई रोशनी लाता है,
घास के नन्हे पत्तों पर, ओस का मोती मुस्काता है।
लगती हैं जैसे मोती कोई, धरती पर बिखर गए हों,
जैसे स्वर्ग के सुंदर सपने, पत्तों पर उतर गए हों।
गुलाब की प्यारी पंखुड़ियों पर, बनकर हार सजाती हैं,
ठंडी-ठंडी हवाओं संग, मन को खूब लुभाती हैं।
नन्ही-नन्ही ओस की बूंदें, जीवन का संदेश सुनाती हैं,
थोड़े से जीवन में भी, खुशियाँ बिखेर जाती हैं।
ना कोई इनका नाम पूछता, ना कोई पहचान बताता है,
फिर भी हर सुबह ये आकर, धरती को महकाता है।
सूरज की किरणें जब छू लें, धीरे-धीरे खो जाती हैं,
अपनी छोटी-सी दुनिया छोड़कर, आसमान में समा जाती हैं।
लेकिन अपनी सुंदरता की, यादें छोड़ जाती हैं,
सूनी-सूनी धरती को भी, हरियाली दे जाती हैं।
ओस की बूंदें सिखलाती हैं, जीवन का अनमोल विचार,
छोटी-सी जिंदगी में भी, बाँटो खुशियाँ और प्यार।
खुद भले ही पलभर जीना, पर दुनिया को महकाना,
ओस की बूंदों से सीखो, हँसते रहना और मुस्कुराना।

इसी विषय पर और रचनाएँ

सभी विषय: माँ पर कविता · प्रेम कविता · देशभक्ति कविता · प्रेरणा कविता · भक्ति कविता · प्रकृति कविता · जीवन कविता

WhatsApp चैनल से जुड़ें · YouTube पर लाइव देखें · अपनी रचना भेजें

सभी रचनाएँ — बोलती कलम